IAS Puja khedkar: हाल ही में यूपी कैडर के पूर्व आईएएस अभिषेक सिंह ने पूजा खेडकर विवाद पर एक वीडियो जारी करते हुए प्रशासनिक चयन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाने का सुझाव दिया था। इस पर सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ भी टिप्पणियां की गईं और आरोप लगाए गए। इन आरोपों का जवाब अभिषेक सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से दिया था। अब यूपी कैडर की एक आईपीएस अधिकारी प्राची सिंह ने भी इस मामले पर अपनी राय सोशल मीडिया शेयर की है।
क्या कहा आईपीएस अधिकारी प्राची सिंह
प्राची सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि कई UPSC उम्मीदवार फर्जी EWS/PH सर्टिफिकेट बनवाकर अनुचित लाभ लेकर सर्विस में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग हर प्रकार से समृद्ध होने के बावजूद भी OBC क्रीमी लेयर का लाभ उठा रहे हैं। प्राची सिंह ने ऐसे लोगों पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि नौकरी करनी है तो अपने दम पर करो, दूसरों का हक़ मत खाओ।

खूब वायरल हो रही प्राची सिंह की पोस्ट
प्राची सिंह की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर इस पोस्ट को 76.3 हजार लोग देख चुके हैं, 1.9 हजार लोगों ने इसे लाइक किया है और 754 यूजर्स ने इसे शेयर भी किया है। प्राची सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा है कि यह उनके व्यक्तिगत विचार हैं और किसी को बुरा मानने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि सच तो सच है।
कोन है आईपीएस अधिकारी प्राची सिंह
प्राची सिंह 2017 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में सिद्धार्थ नगर जिले की एसपी हैं। उनका जन्म कानपुर में हुआ था और वह मूल रूप से फतेहपुर की रहने वाली हैं। उनके पिता राम सिंह गौतम भी पीसीएस अधिकारी हैं और उनकी मां उषा सिंह तीन विषयों में एमए हैं। प्राची सिंह लखनऊ में भी रह चुकी हैं और अब सिद्धार्थ नगर में अपनी सेवा दे रही हैं।