Maharashtra Rain update: महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है, जिसके कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों में रोजमर्रा का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक बार फिर राज्य में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पुणे में रेड अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ ही घंटों में पुणे शहर में भारी बारिश हो सकती हैं, भोर, वेल्हा, मावळ, मुळशी, और हवेली तालुका के खडकवासला, पिंपरी चिंचवड क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के चेतावनी के चलते पुणे जिले में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस रेड अलर्ट के चलते जिले के कलेक्टर डॉ. सुहास दिवसे ने 25 जुलाई को पुणे के सभी स्कूलों को बंद रखने के आदेश दिए हैं और नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की है।
कोकण क्षेत्र में भी अलर्ट
पुणे शहर के अलावा IMD ने कोकण क्षेत्र के कई जिलों में भी भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। यहां के नागरिकों को भी मौसम विभाग ने सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। बात करें मुंबई की तो मुंबई में भी अगले 24 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है और मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई का मौसम भी अगले 24 घंटों तक धुंधला रहेगा।
मध्य महाराष्ट्र और अन्य क्षेत्रों में चेतावनी
मौसम विभाग ने मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार मध्य महाराष्ट्र और उसके आसपास के क्षेत्रों में अगले 24 घंटों में भारी बारिश की संभावना है। उत्तर महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ में भी IMD ने भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है और अगले 24 घंटों के लिए लोगों को हाई अलर्ट पर रहने की सलाह दी है।
राज्य के विभिन्न हिस्सों में मौसम की इस विकट स्थिति के चलते लोगों को सावधान रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। IMD द्वारा जारी की गई यह चेतावनी महत्वपूर्ण है और इसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए।